कमरे में बोरे में बंद मिले पति-पत्नी के शव, बेटे पर हत्या का शक, घटना के बाद से फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– घर के कमरे में पति-पत्नी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के शव खून से सने बोरों में मिला है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों के सिर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे चोट के निशान थे। पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे मृतक दंपती का बड़ा बेटा हो सकता है, जो घटना के बाद से फरार है। मामला सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र का है।
दूध लेने पहुंचा छोटा बेटा ने देखा शव
जानकारी के अनुसार ग्राम सपड़ा के परसापारा निवासी हीराधर यादव (55) अपनी पत्नी गुलाबी यादव (50) और बड़े बेटे जदू यादव (34) के साथ पुराने घर में रहते थे। वहीं छोटा बेटा मोहन यादव अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही कुछ दूरी पर दूसरे घर में रहता है। सोमवार सुबह मोहन यादव दूध लेने पुराने घर पहुंचा। घर के दोनों दरवाजों पर सांकल लगी हुई थी। माता-पिता और बड़े भाई के दिखाई नहीं देने पर उसने घर में काम करने वाले सुकृत नागेश के साथ आसपास और खेतों में तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला।
इसके बाद दोनों ने घर की सांकल खोलकर अंदर प्रवेश किया। घर के एक कमरे में ताला लगा था। शक होने पर ताला तोड़ा गया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का दृश्य देखकर दोनों के होश उड़ गए।
बोरों में मिला शव
कमरे के फर्श पर खून फैला हुआ था। वहीं खून से सने दो बोरे पड़े थे। बोरों को खोलने पर उसमें हीराधर यादव और उनकी पत्नी गुलाबी यादव के शव मिले। घटना की सूचना तत्काल धौरपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी मौके पर पहुंचे। अंबिकापुर से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शवों की जांच की।
सिर पर धारदार हथियार के गहरे घाव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि उन पर फरसा या टांगी जैसे धारदार हथियार से हमला किया गया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की थी तैयारी?
पुलिस की जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि शवों को बोरियों में बंद करने के बाद कमरे में ताला लगा दिया गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शवों को कहीं ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी थी, लेकिन किसी कारण से आरोपी अपनी योजना पूरी नहीं कर सका और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से मृतक दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव लापता है। इसी वजह से पुलिस का संदेह उस पर गहरा गया है।
छोटे बेटे ने बताया- मामूली विवाद होते थे
छंपति के छोटे बेटे मोहन यादव के मुताबिक, जदू की शादी नहीं हुई थी और वह लंबे समय से माता-पिता के साथ ही रह रहा था। घर में कभी-कभार मामूली विवाद जरूर होते थे, लेकिन परिवार को कभी यह अंदाजा नहीं था कि मामला इतनी भयावह वारदात तक पहुंच सकता है। परिजनों के अनुसार जदू की मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं बताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद से फरार जदू यादव की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। पुलिस ने संभावित ठिकानों के साथ रिश्तेदारों के घरों पर भी तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पति-पत्नी की निर्मम हत्या, सबूत मिटाने जलाया शव; घर पर मिला अधजला शव











