छुरा ब्रेकिंग: उफनते नाले में साइकिल समेत बहे दो युवक, एक निकला सुरक्षित, दूसरे की तलाश जारी

गरियाबंद एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना, 24 घंटे में बहने की दूसरी घटना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। इसी बीच शनिवार सुबह करीब 8 बजे छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भैरा नवापारा के बीच नाला पार करते समय दो युवक साइकिल समेत तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बहने के बाद लापता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक भैरा और नवापारा के बीच स्थित नाला में यह हादसा उस समय हुआ, जब यादव बंधु दिगेश्वर यादव (30 वर्ष) और पीतांबर यादव (23 वर्ष) साइकिल से नवापारा की ओर लौट रहे थे। दोनों युवक गाय चराने का काम करते हैं और किसी काम से भैरा गांव गए हुए थे। वापस लौटते समय दोनों नाला पार कर रहे थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों साइकिल समेत बह गए।

बताया जा रहा है कि पीतांबर यादव किसी तरह नाले से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन दिगेश्वर यादव तेज बहाव में बह गया और इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर लापता युवक की तलाश शुरू कर दी। वहीं घटना की जानकारी छुरा थाना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही गरियाबंद एसडीआरएफ की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है और लापता युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है।

24 घंटे में पानी में बहने की दूसरी घटना

लगातार बारिश के बीच जिले में 24 घंटे के भीतर पानी के तेज बहाव में बहने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले कोपरा एनीकट में भी एक व्यक्ति पानी में बह गया था। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 14 किलोमीटर तक लगातार 6 से 8 घंटे तलाश अभियान चलाया, लेकिन लापता व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

नदी-नालों के उफान पर होने से बढ़ा खतरा

लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में नदी-नाले पार करना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी के तेज बहाव के दौरान नदी, नाला या एनीकट पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें और जलस्तर कम होने का इंतजार करें।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: पैरी नदी एनीकट में तेज बहाव में बहा युवक, रेस्क्यू टीम और पुलिस तलाश में जुटी, VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button