सनसनीखेज वारदात: पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखा तो पति ने चाकू से रेता गला, झाड़ियों में फेंका शव; आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :–  जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी को एक परिचित व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद पति ने कथित तौर पर गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी पति ने पत्नी के गले पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शव को गांव की झाड़ियों में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के अंजनी गांव में जेपी एग्रोटेक के मजदूरों ने झाड़ियों में एक महिला का शव देखा। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई। मृतका के पति का नाम सुमित कुमार यादव बताया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गौरेला पुलिस ने मामले की जांच तेज की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य जांच बिंदुओं को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी पति तक पहुंची। इसके बाद सुमित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

रात करीब 2 बजे घर से निकला था आरोपी

पुलिस जांच के अनुसार, 9 सितंबर 2026 की रात करीब 2 बजे आरोपी सुमित कुमार यादव (32) ने अपनी पत्नी को कमरे में नहीं पाया। इसके बाद वह उसकी तलाश में बाहर निकला। इसी दौरान उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी को एक परिचित व्यक्ति के साथ देखा। पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ देखने के बाद सुमित ने गुस्से में उस व्यक्ति का पीछा किया। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति मौके से भाग निकला। इसके बाद सुमित और उसकी पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।

गुस्से में चाकू से पत्नी के गले पर किया वार

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी सुमित ने लोहे के चाकू से अपनी पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को कथित तौर पर अलग-अलग और झूठे बयान दिए। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेजा गया आरोपी

गौरेला थाने में मामले को लेकर अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238(ख) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवक को दूध पिला कर किया बेहोश, फिर पति-पत्नी ने कर दी हत्या; गुमराह करने रची साजिश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button