युवक को दूध पिला कर किया बेहोश, फिर पति-पत्नी ने कर दी हत्या; गुमराह करने रची साजिश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पति-पत्नी ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से की थी। आरोप है कि दोनों ने युवक को घर बुलाकर दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई और उसके बेहोश होने के बाद गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे स्थान पर फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र का है। 

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की रात ग्राम घानाघाट में सड़क किनारे अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल (24) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना मिलने पर डिंडौरी चौकी और चिल्फी थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 17/26 के तहत जांच शुरू की। शव की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और एसडीओपी लोरमी माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।

महाराष्ट्र में मजदूरी के दौरान बने संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले मृतक अरुण पटेल, मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए थे। पुलिस के मुताबिक, तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच कथित तौर पर संबंध बन गए थे।

पुलिस का दावा है कि अरुण ने निजी पलों का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। गांव वापस आने के बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को ब्लैकमेल कर रहा था। परेशान होकर मनीषा ने इसकी जानकारी अपने पति मुकेश को दी।

घर बुलाकर दिया नशीला दूध

पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि पति-पत्नी ने पहले अरुण को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ब्लैकमेलिंग और धमकी जारी रहने के बाद दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। उन्होंने अरुण को अपने घर बुलाया और घर पर दूध में नींद की दवा मिलाकर अरुण को पिलाया।

दूध पीने के बाद जब वह बेहोश हो गया तो दोनों ने गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव को दूसरे के घर के पास फेंक दिया, ताकि घटना को दूसरी दिशा में मोड़ा जा सके। उसके बाद आरोपियों ने मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया। पुलिस इन साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

12 घंटे की जांच के बाद खुलासा

मर्ग जांच के दौरान हत्या से जुड़े तथ्य सामने आने पर चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 112/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 34 वर्षीय मुकेश पटेल और उसकी 27 वर्षीय पत्नी मनीषा बाई पटेल को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। 17 अगस्त 2026 को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, करीब 12 घंटे की गहन जांच और पूछताछ के बाद मामले का खुलासा किया गया। 

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

आधी रात पति की कुल्हाड़ी से हत्या, जुर्म छिपाने सुनाई झूठी कहानी, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button