घर में घुसा तेंदुआ, एक ही परिवार के 6 लोगों पर हमला; वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र के झिटकी गांव में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुए ने घर में घुसकर एक ही परिवार के 6 लोगों पर हमला कर दिया। हमले में सभी घायल हो गए। घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को घर के अंदर ही बंद कर दिया, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घटना महासमुंद जिले के बागबाहरा की है।
जानकारी के अनुसार, घटना नर्रा परिसर के ग्राम झिटकी में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। तेंदुए के अचानक घर में घुसने के बाद उसने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में घायल लोगों को तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
तीन घायलों को रायपुर किया गया रेफर
घायलों में उत्तरी बाई, सुनीता यादव और मनीष यादव की चोटें गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल महासमुंद में जारी है।
रात से ही मौके पर डटी रही वन विभाग की टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रात में ही झिटकी गांव पहुंच गई थी। तेंदुए के घर के अंदर बंद होने के कारण आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी गई। टीम ने लगातार निगरानी रखते हुए रेस्क्यू की तैयारी की।
रेस्क्यू टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ घर में बंद तेंदुए को सफलतापूर्वक बाहर निकाला। इसके बाद वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट टीम ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से अन्यत्र ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
मुख्य वन संरक्षक मणिवासगण एस. ने जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली। रेस्क्यू अभियान के दौरान वनमंडलाधिकारी महासमुंद श्रीनिवास तनेटी, उपवनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह, वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा नवीन वर्मा सहित वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
वन विभाग की अपील- सतर्क रहें ग्रामीण
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और आसपास किसी भी वन्यप्राणी की मौजूदगी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं तथा तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
यह पूरी कार्रवाई वनमंत्री केदार कश्यप, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पांडे, पीसीसीएफ (वन्यजीव) ओ.पी. यादव तथा मुख्य वन संरक्षक मणिवासगण एस. के निर्देशन में की गई।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
ब्रेकिंग: घटारानी के जंगल में बाल-बाल बची युवक की जान, मादा तेंदुए ने किया हमला











