शादीशुदा युवक की मौत, 9 महीने से मायके में रह रही थी पत्नी; पिता ने बहू पर लगाए गंभीर आरोप

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक शादीशुदा युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घर में युवक का शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और 25 लाख रुपए की मांग को लेकर उनका बेटा परेशान था। मामला धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

करीब 9 महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

जानकारी के अनुसार रत्नाबांधा गांव निवासी मंगलू राम देवांगन के इकलौते बेटे जयप्रकाश देवांगन की करीब चार साल पहले शादी हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था।

मृतक के पिता का कहना है कि उनकी बहू पिछले करीब 8-9 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। परिवार के मुताबिक जयप्रकाश पत्नी को वापस घर लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। आरोप है कि इस दौरान पत्नी की ओर से ससुराल लौटने के लिए 25 लाख रुपए की मांग की गई। साथ ही धमतरी क्षेत्र में नहीं रहने की बात भी कही जाती थी।

परिजनों का आरोप है कि पत्नी को वापस लाने के प्रयास के दौरान पैसों की मांग को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी रही। इन परिस्थितियों के चलते जयप्रकाश काफी परेशान था। इसी बीच उसने घर में आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मामले में परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह के साथ ही 25 लाख रुपए की कथित मांग और मानसिक प्रताड़ना से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी व्यक्ति की आपराधिक भूमिका या प्रताड़ना से संबंधित तथ्य सामने आते हैं, तो उसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

देवांगन समाज ने भी की जांच की मांग

घटना के बाद देवांगन समाज के पदाधिकारियों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाया जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सास ने फांसी लगाकर दी जान, मौत से पहले बहू पर लगाए गंभीर आरोप, दीवार पर लिखा संदेश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button