अलर्ट : GBME1 हाथी फिर पहुंचा गरियाबंद, पैरी नदी पार कर पांडुका क्षेत्र में दाखिल; इन गांवों में हाई अलर्ट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कुछ दिनों पहले गरियाबंद जिले से धमतरी जिले की ओर मूवमेंट कर रहा GBME1 हाथी अब वापस गरियाबंद जिले की सीमा में पहुंच गया है। मंगलवार शाम हाथी ने पैरी नदी पार की और पांडुका वन परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया। हाथी के वापस पुराने रूट पर लौटने के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
वन विभाग के मुताबिक, हाथी के मूवमेंट को देखते हुए उसके संभावित रूट में आने वाले करीब आधा दर्जन गांवों को अलर्ट किया गया है। वहीं कुकदा और पोंड गांव को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
पांडुका वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष चौहान ने बताया कि पूरी टीम अलर्ट मोड पर है और हाथी की हर गतिविधि की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने के साथ आसपास के लोगों को भी सूचित करने की अपील की है।
पुराने रूट पर आगे बढ़ रहा
रेंजर संतोष चौहान के अनुसार, कुछ दिन पहले भी यह हाथी नदी पार कर अपने पुराने रूट की ओर गया था और अब दोबारा उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। वन विभाग के अनुमान के मुताबिक हाथी आज झरझरा मंदिर के आसपास के क्षेत्र में पहुंच सकता है। इसे देखते हुए वन कर्मचारी और हाथी मित्र दल लगातार निगरानी कर रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी के आसपास जाने, उसका पीछा करने या भीड़ लगाने से बचें। खासकर रात के समय जंगल और नदी किनारे के रास्तों पर आवाजाही करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











