मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, सवा घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, जांच में ये बात आई सामने-VIDEO

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 25 से 30 वर्षीय एक महिला 100 फीट से अधिक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला को टावर के ऊपरी हिस्से में बैठा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र का है।
बताया गया कि करीब 11.30 बजे महिला टावर पर चढ़ी। काफी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद वह ऊपर ही बैठ गई। पुलिसकर्मियों और नीचे मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाइश दी, लेकिन महिला घबराहट में और ऊपर की ओर बढ़ती चली गई। इससे मौके पर मौजूद लोगों की चिंता बढ़ गई।
रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बिजली विभाग से संपर्क कर टावर की बिजली सप्लाई बंद कराई गई, वहीं मोबाइल टावर कंपनी के कर्मचारियों और रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। भीड़ बढ़ने के कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
करीब सवा घंटे तक चले प्रयासों के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम की समझाइश काम आई और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान महिला को किसी तरह की चोट नहीं आई।
पेंड्रा-गौरेला क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही महिला
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक पूछताछ में महिला के पेंड्रा-गौरेला क्षेत्र की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर मौके पर बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने तक महिला की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उसे सेंदरी स्थित मानसिक स्वास्थ्य अस्पताल में भर्ती किया गया है। महिला टावर पर क्यों चढ़ी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।
VIDEO
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पत्नी से झगड़े के बाद 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ा युवक, 2 घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा











