महतारी वंदन योजना से पार्वती साहू ने शुरू किया स्वरोजगार, गांव में फैंसी दुकान खोल बनीं आत्मनिर्भर
योजना से मिली आर्थिक सहायता से खरीदा दुकान का सामान, अब हर महीने कमा रहीं 2,000 से 3,000 रुपये

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रही है। योजना से मिलने वाली सहायता राशि का सदुपयोग कर महिलाएं अपनी आजीविका के नए साधन विकसित कर रही हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी ग्राम लमकेनी की निवासी पार्वती साहू की है, जिन्होंने योजना से मिली आर्थिक सहायता से गांव में छोटी-सी फैंसी दुकान शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है।
ग्राम लमकेनी के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 से संबंधित हितग्राही पार्वती साहू ने महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि का उपयोग अपना व्यवसाय शुरू करने में किया। उन्होंने इस राशि से दुकान के लिए चूड़ी, बिंदी, कॉस्मेटिक सहित अन्य आवश्यक सामान खरीदा और गांव में छोटी-सी फैंसी दुकान खोल ली।
व्यवसाय को बढ़ा रही आगे
दुकान शुरू होने के बाद पार्वती साहू धीरे-धीरे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। गांव की महिलाओं और अन्य ग्राहकों को उनकी दुकान पर दैनिक उपयोग एवं श्रृंगार से संबंधित सामान उपलब्ध हो रहा है। इस व्यवसाय से अब वे हर महीने लगभग 2,000 से 3,000 रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।
स्वरोजगार शुरू होने से पार्वती साहू अब परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग कर पा रही हैं। स्वयं की आय होने से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। महतारी वंदन योजना से मिली सहायता राशि उनके लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपना व्यवसाय शुरू करने और अपनी पहचान बनाने का अवसर बनी है।
पार्वती साहू ने महतारी वंदन योजना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से मिली राशि का उपयोग कर उन्होंने अपनी छोटी-सी फैंसी दुकान शुरू की है। अब वे दुकान से कमाई कर अपने परिवार का सहयोग कर रही हैं। इस योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छोटी बचत से बड़ा कदम, महतारी वंदन योजना से शुरू हुआ अपना व्यवसाय











