धनतेरस पर पलभर में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार! ट्रक की टक्कर से पिता और दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत
पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर गांव लौट रहे थे तीनों, रास्ते में काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्रक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिस पिता के साथ बच्चे कुछ देर पहले तक हंसते-बोलते गांव लौट रहे थे, उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। एक भीषण सड़क हादसे ने पलभर में पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। ट्रक की जोरदार टक्कर से बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में एक साथ परिवार के तीन सदस्यों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बलौदाबाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव (39) शुक्रवार को अपने दो बच्चों निहारिका ध्रुव (16) और टोमेश ध्रुव (12) के साथ बाइक क्रमांक MP18 M 1744 से किसी काम के सिलसिले में बलौदाबाजार आए थे। काम पूरा करने के बाद तीनों पोस्ट ऑफिस पहुंचे, जहां से पैसे निकालकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों की मौत हो गई। कुछ ही पलों में एक परिवार की दुनिया उजड़ गई।
पुलिस ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











