ब्रेकिंग: हाइवा ने साइकिल सवार को कुचला, युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया आरंग-राजिम मार्ग पर चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आरंग-नवापारा मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी सांसें थम गईं। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने मुआवजे और भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग को लेकर आरंग-राजिम (नयापारा) मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना आरंग थाना क्षेत्र का है।
तालाब जाने निकले थे युवक, हाइवा ने कुचला
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर हुआ। मृतक की पहचान मनोज धीवर (35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज सुबह करीब 6.30 बजे तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
सड़क पर उतरे ग्रामीण, लगाया चक्काजाम
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भारी वाहनों की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा देने और इस मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों पर नियंत्रण लगाया जाने की मांग की। ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
चक्काजाम की सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगें सुनीं और उन्हें समझाइश दी। मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए और चक्काजाम समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: अज्ञात वाहन की चपेट में आने युवक की मौके पर मौत, बाइक के उड़े परखच्चे











