छात्र ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट; मम्मी-पापा…से मांगी माफी
परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा तो फंदे पर लटका मिला छात्र

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र ने पीजी के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो विषयों में बैक आने के बाद से वह पढ़ाई को लेकर तनाव में था। घटना दुर्ग जिले के स्मृतिनगर चौकी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम चरौदा-जंजगीरी निवासी अभिजीत देवांगन के रूप में हुई है। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तीसरे वर्ष का छात्र था। पढ़ाई के लिए उसने करीब 10 दिन पहले कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास पीजी में कमरा लिया था।
बताया जा रहा है कि अभिजीत के दो विषयों में बैक आने के बाद वह काफी निराश रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक, उसने एकांत में रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह पीजी में रहने चला गया।
फोन लगाने पर जवाब नहीं मिला
गुरुवार को परिजन किसी काम से भिलाई आए थे और बेटे से मिलने पीजी पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने और फोन लगाने के बाद भी जवाब नहीं मिला। इसके बाद अन्य छात्रों की मदद से खिड़की से अंदर देखा गया, जहां अभिजीत फंदे पर लटका मिला।
सूचना पर पहुंची स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को मिले सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











