कश्मीर में फिर ‘पहलगाम जैसा’ आतंकी हमला, नाम पूछकर दो हिंदू युवकों की हत्या; दोनों छत्तीसगढ़ के निवासी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में एक बार फिर आतंकियों ने धर्म पूछकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे केलाम क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दो प्रवासी हिंदू मजदूरों को आतंकियों ने नाम पूछने के बाद गोली मार दी। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। इस घटना ने अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं, जब आतंकियों ने पर्यटकों की पहचान पूछकर 26 लोगों की हत्या कर दी थी।
मृतकों की पहचान छत्तीसगढ़ के रहने वाले 24 वर्षीय दीपक रात्रे जिला सक्ति और 28 वर्षीय भूपेंद्र जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है। हमले में दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SKIMS) रेफर किया गया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
नाम और पहचान पूछा , फिर अलग कर मार दी गोली
अधिकारियों के अनुसार हमला कुलगाम मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय 10 से 12 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। घटना के समय वहां कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हमलावरों ने केवल दोनों हिंदू मजदूरों को ही निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले उनका नाम और पहचान पूछी, फिर बेहद करीब से गोलियां बरसा दीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आतंकी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि हमलावर आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े हो सकते हैं, जिसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सहयोगी संगठन माना जाता है। TRF पहले भी कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों और नागरिकों को निशाना बनाता रहा है।
तलाशी अभियान शुरू

घटना के तुरंत बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर के दायरे को सील कर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और विशेष अभियान दल की मदद से जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में आतंकियों की तलाश जारी है। सुरक्षा एजेंसियां सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं।
इस आतंकी हमले के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। घटना को लेकर देशभर में आक्रोश है और आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है। वहीं, दोनों मृतकों के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के बाद उनके गृह राज्य छत्तीसगढ़ भेजने की तैयारी की जा रही है।
राज्य सरकार देगी 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों द्वारा छत्तीसगढ़ के प्रवासी श्रमिकों पर किए गए कायराना हमले में सक्ती जिले के निवासी श्री दीपक रात्रे तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी श्री भूपेंद्र भैना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस जघन्य और अमानवीय आतंकी घटना की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि निर्दाेष नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के विरुद्ध अपराध है और ऐसे कायराना कृत्य किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार की ओर से दोनों दिवंगत श्रमिकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











