ट्रेन की खिड़की से लटका मिला युवक का शव, स्टेशन पर मचा हड़कंप
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रेलवे जंक्शन पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुष्पक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12534) के जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से छत्तीसगढ़ के एक युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही ट्रेन को बीना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोका गया। सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात करीब 10 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी और इसका अगला निर्धारित ठहराव ललितपुर था। आधी रात के करीब ट्रेन के गार्ड ने जनरल कोच के शौचालय की खिड़की से युवक का शव लटका हुआ देखा। इसके बाद तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके आधार पर ट्रेन को बीना जंक्शन पर रोककर जीआरपी को मौके पर बुलाया गया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
जीआरपी टीम ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के चलते कुछ समय तक स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पदनिया स्थित कलीन चौक निवासी 30 वर्षीय गोरावर सिंह, पिता कुंजीलाल के रूप में हुई है। उसकी पहचान तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड से की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में कुछ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन के दरवाजे के पास बैठकर यात्रा कर रहा था। हालांकि वह शौचालय की खिड़की तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
चलती ट्रेन से धक्का देकर नाबालिग प्रेमिका की हत्या, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार











