अभनपुर में पंचायत सचिव से मारपीट: सचिव संघ में भारी आक्रोश, सरपंच पति पर FIR दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अभनपुर जनपद क्षेत्र अंतर्गत पंचायत सचिव से मारपीट का मामला सामने आया है। ग्राम खोला के पंचायत सचिव कुंदन लाल साहू ने सरपंच पति तुलाराम साहू पर गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सचिव संघ में भारी आक्रोश देखा गया और बड़ी संख्या में सचिव थाने पहुंच गए।
ग्राम पंचायत खोला में सचिव के पद पर कार्यरत पीड़ित कुंदन साहू ने बताया कि वह 8 मई 2026 की शाम करीब 4.30 बजे अभनपुर बस स्टैंड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास अपने साथी भूपेंद्र सेन के साथ घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान ग्राम खोला का सरपंच पति तुलाराम साहू वहां पहुंचा और पंचायत से जुड़े दस्तावेजों में हस्ताक्षर नहीं करने की बात को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि तुलाराम साहू ने अश्लील गालियां देते हुए सचिव के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमले में सचिव के चेहरे पर चोट आई है। घटना के दौरान मौजूद भूपेंद्र सेन ने बीच-बचाव किया। घटना की जानकारी मिलते ही अभनपुर ब्लॉक सचिव संघ के अध्यक्ष शेषनारायण साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सचिव अभनपुर थाने पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
सरपंच पति पर FIR दर्ज
सचिव संघ ने कहा कि शासकीय कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है। फिलहाल अभनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











