महानदी में डूबे युवक का 15 घंटे बाद मिला शव, दो बच्चों को बचाने के दौरान गई थी जान
नेहरू घाट के नीचे शनि मंदिर के पीछे तैरता मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शनिवार दोपहर महानदी में दो मासूम बच्चों को बचाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 15 घंटे बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में शव तैरता दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नवापारा इंदिरा मार्केट निवासी प्रदीप कश्यप (लगभग 35 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 3 बजे अपनी पत्नी मंगला कश्यप और एक मासूम बच्चे के साथ महानदी के नेहरू घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में नहा रहे दो मासूम बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को बचाने के लिए प्रदीप कश्यप और एक अन्य युवक बिना देर किए नदी में कूद पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरे युवक ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन प्रदीप कश्यप तेज बहाव की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षणों में वह गहरे पानी में समा गए और फिर दिखाई नहीं दिए।
घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कई घंटे तक मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शनिवार देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा और नदी के तेज बहाव के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
नेहरू घाट के नीचे मिला शव
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शनि मंदिर के पीछे नेहरू घाट के नीचे नदी में एक शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही लोगों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कराई तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दर्दनाक घटना से पूरे गोबरा नवापारा शहर में शोक की लहर है। प्रदीप कश्यप की बहादुरी की हर ओर चर्चा हो रही है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दो मासूम बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। दोनों बच्चों की जान तो बच गई, लेकिन उन्हें बचाने वाला युवक खुद महानदी की तेज धाराओं का शिकार हो गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: पत्नी के सामने महानदी में डूबा युवक, तलाश में जुटी पुलिस और गोताखोर











