महानदी किनारे फिर मिली दो लाशें, झाड़ियों में फंसा था शव, एक महिला का; शिनाख्त में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– महानदी किनारे एक बार फिर दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव नदी के तेज बहाव में बहकर किनारे की झाड़ियों में फंसे मिले। ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला आरंग थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार आरंग क्षेत्र के ग्राम चिखली में ग्रामीणों ने महानदी किनारे झाड़ियों में फंसे शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आरंग पुलिस की टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, बरामद शवों में से एक महिला का है। दोनों शव काफी गल चुके हैं, जिसके कारण उनकी पहचान करने में परेशानी हो रही है।
पुलिस महानदी से लगे तथा हाल में बाढ़ प्रभावित जिलों के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटा रही है और शवों की पहचान के लिए उसका मिलान किया जा रहा है।
बाढ़ में बहकर आने की आशंका, हत्या का एंगल भी जांच में
हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ गया था और आसपास के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी थी। पुलिस प्रथम दृष्टया इस संभावना है कि नदी किनारे दफन शव बाढ़ के तेज बहाव में बहकर चिखली तक पहुंचे हों। इसके अलावा दोनों लोगों के बाढ़ के पानी में बह जाने और डूबने से मौत होने की आशंका भी जांच के दायरे में है। वहीं, हत्या के बाद शवों को नदी में बहाए जाने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शवों के नदी के बहाव में बहकर आने की संभावना नजर आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
राजिम में भी मिले थे दो अज्ञात महिलाओं के शव
गौरतलब है कि 29 सितंबर को राजिम क्षेत्र में भी महानदी के अलग-अलग स्थानों पर दो अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप मचा था। इनमें एक महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला था, जबकि दूसरा शव सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ था। अब आरंग के चिखली में महानदी किनारे दो शव मिलने के बाद पुलिस के सामने उनकी पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने की चुनौती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











