शादी के 10वें दिन दूल्हे की मौत! पेड़ पर लटका मिला नवविवाहित युवक का शव, मामला संदिग्ध

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शादी के महज दसवें दिन एक नवविवाहित युवक का शव अमरूद के पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। मामला बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पीपरौल गांव निवासी अमित गुप्ता (27 वर्ष) की शादी 29 अप्रैल को ग्राम लोधा की युवती से हुई थी। 30 अप्रैल को दुल्हन विदा होकर ससुराल पहुंची थी। घर में अभी शादी की खुशियां, रिश्तेदारों का आना-जाना और बधाइयों का दौर चल ही रहा था कि अचानक यह दर्दनाक घटना सामने आ गई। परिजनों के अनुसार अमित बिल्कुल सामान्य था। वह घर में अपनी बाइक और कार की मरम्मत कर रहा था।

परिवार के साथ हंसी-मजाक भी किया और रात में भोजन करने के बाद सोने चला गया। किसी को अंदाजा तक नहीं था कि कुछ घंटों बाद ऐसा भयावह मंजर देखने को मिलेगा। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 300 मीटर दूर एक अमरूद के पेड़ पर अमित का शव फंदे से लटका देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और घर में चीख-पुकार मच गई।

सदमे में है परिजन

मृतक के पिता बसंत गुप्ता ने कहा कि अमित ने कभी किसी तनाव या परेशानी की बात नहीं बताई। उन्होंने कहा, “समझ नहीं आ रहा कि बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया। घर में किसी चीज की कमी नहीं थी।”

सूचना मिलते ही विजयनगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन नवविवाहित युवक की अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शादी के 12 दिन बाद नवविवाहिता की मौत: शक, जबरन संबंध बनाने और प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने दी जान, पति पर FIR दर्ज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button