नवापारा ब्रेकिंग: क्रिकेट खेलते समय 10 वर्षीय छात्र हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा

क्रिकेट खेलते समय 10 वर्षीय छात्र हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा इलाके से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां 10 साल का मासूम हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा का है।

जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला कुर्रा में छुट्टी होने के बाद कक्षा चौथी का छात्र डुमेंद्र कुमार अपने दोस्तों के साथ स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गेंद मैदान में बने एक टीन शेड पर जाकर फंस गई। गेंद निकालने के लिए डुमेंद्र टीन शेड पर चढ़ गया। इसी दौरान शेड के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया।

घटना के बाद बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह डुमेंद्र को नीचे उतारा और बिना देर किए उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

विभाग के प्रति भारी नाराजगी

घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से हादसे का कारण बन सकती थी। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों ने सुशासन तिहार के दौरान विद्युत विभाग को आवेदन देकर लाइन हटाने की मांग भी की थी, लेकिन विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते बिजली लाइन हटाई जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

इस संबंध में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता (एई) धर्मेंद्र साहू ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी अभी मिली है। उन्होंने कहा कि संबंधित स्थान से हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए फिलहाल विभाग के पास पर्याप्त फंड उपलब्ध नहीं है। हालांकि, घटना के बाद मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल परिसर के ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन और विद्युत विभाग समय रहते खतरे को गंभीरता से लेते, तो आज एक मासूम जिंदगी मौत से जंग नहीं लड़ रही होती।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा में चल रहा था गांजे का कारोबार, पुलिस की दबिश में 3 तस्कर गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button