नवापारा नगर पालिका के सामान्य सभा में किसानों का मुद्दा गायब! संध्या राव ने सत्ता पक्ष की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा की सामान्य सभा की बैठक में शहर की एक गंभीर जनसमस्या को लेकर विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर सवाल खड़े किए हैं। आवारा मवेशियों के कारण किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान और सड़कों पर बढ़ते दुर्घटना के खतरे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने पहले ही नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सौंपा था। इसके बावजूद 13 अगस्त को हुई सामान्य सभा की बैठक के एजेंडे में इस मुद्दे को शामिल नहीं किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष संध्या राव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने तीखा विरोध जताया।

कांग्रेस का आरोप है कि सामान्य सभा नगर पालिका क्षेत्र की जनता की समस्याओं पर चर्चा कर समाधान निकालने का सबसे महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में किसानों और आम नागरिकों से सीधे जुड़े मुद्दे को चर्चा से बाहर रखना गंभीर सवाल खड़े करता है।

संध्या राव की अगुवाई में सौंपा था ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

आवारा पशुओं की समस्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष संध्या राव की अगुवाई में कांग्रेस पार्षदों अर्जुन साहू, अजय साहू, दीपाली राजपूत, रामरतन निषाद, हेमंत सहानी, तरुण कंसारी, टिकेश्वर गिलहरे और फागु राम देवांगन ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ओम कुमारी साहू एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश कुमार पैकरा को लिखित ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया था।

विपक्षी पार्षदों को उम्मीद थी कि सामान्य सभा में इस विषय पर चर्चा होगी और आवारा मवेशियों से किसानों को राहत दिलाने तथा सड़कों पर दुर्घटनाओं का खतरा कम करने के लिए ठोस निर्णय लिया जाएगा। लेकिन कांग्रेस पार्षदों के मुताबिक, बैठक के एजेंडे में इस मुद्दे को शामिल ही नहीं किया गया। इस कारण बैठक में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हो सकी।

खेतों में फसल चौपट, सड़कों पर हादसे का खतरा

किसान समिति का कहना है कि आवारा मवेशी लगातार खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मेहनत और लागत लगाकर तैयार की गई फसल जब मवेशियों के झुंड द्वारा बर्बाद की जाती है तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

वहीं, शहर की मुख्य सड़कों और व्यस्त मार्गों पर आवारा पशुओं के बैठने या अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। कई बार वाहन चालक अचानक सामने आए मवेशियों से बचने के प्रयास में हादसे का शिकार हो सकते हैं। ऐसे में किसान समिति ने नगर पालिका से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की थी।

संध्या राव बोलीं-जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती

नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने सामान्य सभा में मुद्दा नहीं उठाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल विरोध करना नहीं, बल्कि जनता और किसानों की समस्याओं को सदन तक पहुंचाना भी है। जब कोई गंभीर जनसमस्या लिखित रूप से नगर पालिका के सामने रखी जाती है तो उस पर चर्चा होना जरूरी है।

उन्होंने कहा, “आवारा मवेशियों की समस्या कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि किसानों और आम नागरिकों की जिंदगी से जुड़ा हुआ विषय है। किसान अपनी खून-पसीने की कमाई से फसल तैयार करता है और अगर वही फसल आवारा मवेशियों के कारण बर्बाद हो जाए तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? दूसरी तरफ सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।”

संध्या राव ने आरोप लगाया कि यदि अध्यक्ष चाहतीं तो छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 के तहत अध्यक्ष को प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए पार्षदों की सहमति से इस गंभीर जनहित के विषय को एजेंडे में शामिल कराया जा सकता था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद मुद्दे को चर्चा से बाहर रखना जनता और अन्नदाताओं की समस्याओं के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने दो टूक कहा, “सामान्य सभा जनता की आवाज उठाने का मंच है। अगर किसानों की फसल बर्बाद होने और सड़क पर लोगों की जान को खतरा पैदा करने वाला मुद्दा भी सदन में चर्चा के लायक नहीं है, तो फिर जनता की समस्याओं पर चर्चा आखिर कब होगी? हम इस मुद्दे को चुप नहीं बैठने देंगे और किसानों की आवाज नगर पालिका में लगातार उठाते रहेंगे।”

विपक्ष ने कहा – जनहित के मुद्दे को दबाना दुर्भाग्यपूर्ण

कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि नगर पालिका की सामान्य सभा में शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों की मूलभूत समस्याओं पर चर्चा होना जरूरी है। आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसका असर सीधे किसानों, वाहन चालकों तथा आम नागरिकों पर पड़ रहा है। विपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका स्तर पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस पार्षद किसानों और नागरिकों के साथ मिलकर इस मुद्दे को और मजबूती से उठाएंगे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज़ ने एक दिन पहले ही सड़क पर मवेशियों के कारण हुये हादसे की खबर प्रकाशित किया था।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

नवापारा ब्रेकिंग: सड़क पर अचानक सामने आई गाय, बचाने के प्रयास में बाउंड्रीवाल से टकराई कार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button