गुरु पूर्णिमा महोत्सव संपन्न: गुरु रुद्रकुमार ने कहा – सत्य, सदाचार और सेवा ही सच्चा धर्म

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा सतनामी समाज एवं आसन परिवार के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को गुरु अमरदास जयंती एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में गिरौदपुरी धाम एवं खड़वापुरी धाम के गद्दीनशीन जगतगुरु गुरु रुद्रकुमार बाबा जी का सानिध्य प्राप्त हुआ।
समाज के लोगों ने बस स्टैंड से पंथी नृत्य और वाद्ययंत्रों की थाप के साथ भव्य स्वागत कर उन्हें कार्यक्रम स्थल तक लाया। यहां बाबा गुरु घासीदास जी के दर्शन, गुरु आरती एवं पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर गुरु रुद्रकुमार बाबा जी का साफा, चांदी का मुकुट एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। समारोह में समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबा रुद्रकुमार जी ने आयोजन के लिए नवापारा सतनामी समाज एवं आसन परिवार को बधाई देते हुए समाज की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने उपस्थित समाज को सत्य के मार्ग पर चलने, सतनाम के विचारों को अपने आचरण में उतारने, नशापान से दूर रहने तथा सदचरित्र धारण करने का संदेश दिया।
मानव कल्याण के लिए कार्य करें
उन्होंने कहा कि स्वयं को बेदाग रखते हुए मानव कल्याण के लिए कार्य करें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे दूसरों को तकलीफ पहुंचे। सतनाम संदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्होंने सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत बनाने की बात कही। साथ ही समाज के इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने वालों को मंच से चेतावनी भी दी।

कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की और सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा जी के बताए मार्ग का अनुसरण करने की अपील की। जनपद सदस्य धनेश्वरी डांडे, राजमहंत छबिराम रात्रे, राजिम तहसील अध्यक्ष कोमल ढीढी, अश्वनी बबलू त्रिवेंद्र सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि सतनामी समाज गुरु प्रधान समाज है और गुरु के ज्ञान के बिना मोक्ष की प्राप्ति असंभव है।
कार्यक्रम में अलग-अलग जिलों से पहुंचे राजमहंत बंशीलाल कुर्रे, संत सारंग, किशुन मिर्चे, जैतराम कोसरे, तरुण व्यवहार सहित जनप्रतिनिधियों में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा, रामा यादव, पार्षद रामरतन निषाद, अर्जुन साहू, सामाजिकजनों एवं मीडिया के साथियों का भी शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में आसन परिवार के संस्थापक गुरु प्रदीप कोसरे, तुलसी दिवाकर, लोकेश्वर चेलक, सुघरमल आड़े, नवापारा सतनामी समाज अध्यक्ष दिनेश टंडन, चेतन टंडन, वार्ड पार्षद टिकेश्वर गिलहरे, डाकेश्वर बिफरे, रामबगस, सुंदर सहित आसन परिवार के अन्य सदस्यों एवं नवापारा सतनामी समाज के पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











