स्कूल परिसर में बन रहा उप स्वास्थ्य केंद्र, महिला शौचालय तोड़े जाने पर भड़के ग्रामीण, आंदोलन की दी चेतावनी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा के समीपस्थ ग्राम पंचायत पारागांव में सरकारी मिडिल स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए स्कूल परिसर में छात्राओं और महिला शिक्षकों के लिए बनाए गए महिला शौचालय को ही तुड़वा दिया गया। इससे स्कूल के शिक्षकों, छात्राओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि स्कूल परिसर में निर्माण कराए जाने के खिलाफ हैं। ग्रामीणों की मांग है कि उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किसी अन्य सरकारी जमीन पर कराया जाए, ताकि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई और सुविधाएं प्रभावित न हों।

बताया गया कि स्कूल समिति और ग्रामीणों की ओर से पहले ही संबंधित उच्च अधिकारियों को आवेदन देकर स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण नहीं कराने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया है।

महिला शौचालय तोड़े जाने पर नाराजगी

महिला शौचालय को तोड़े जाने से महिला शिक्षकों और छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने भी इस मामले पर आपत्ति जताते हुए उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में छात्राओं और महिला शिक्षकों के लिए शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा को हटाकर निर्माण कराना उचित नहीं है।

इसके अलावा स्कूल परिसर में लगे पुराने और छायादार बरगद के पेड़ की टहनियां काटे जाने को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के लिए स्कूल परिसर की सुविधाओं और हरियाली को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर महिला शौचालय को दोबारा बनाए जाने तथा स्कूल परिसर में उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण रोककर किसी अन्य सरकारी भूमि पर स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार ग्राम पंचायत पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

आजादी के दिन स्कूल से दूर रहे बच्चे, शिक्षकों ने अकेले फहराया तिरंगा; 15 साल की मांग ने बदली स्वतंत्रता दिवस की तस्वीर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button