घर में लगी भीषण आगः घर का पूरा सामान और बाइक जलकर राख; बुझाने के दौरान सिलेंडर ब्लास्ट, युवक झूलसा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लगटे तेज हो गई। आग के संपर्क में आने से मकान के भीतर रखा रसोई गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की चपेट में आकर आग बुझा रहे पड़ोसी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं आग में पूरा घरेलू सामान और एक मोटरसाइकिल जलकर राख हो गई। घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर के कृष्णा अर्जुनी तालाब के समीप रहने वाले दशरथ देवार के मकान में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं। मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गई।
सिलेंडर ब्लास्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाले कपिल यादव आग पर काबू पाने के लिए बगल के मकान की ऊंचाई पर चढ़कर पानी डाल रहे थे। तभी मकान के भीतर रखा गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कपिल यादव संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस की सहायता से उन्हें रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रेफर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद, स्थानीय नागरिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। रतनपुर थाना प्रभारी विष्णु यादव ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
भीषण आग: कबाड़ गोदाम से उठी आग शोरूम तक पहुंची, 46 बाइक जलकर खाक, कई बाइक चोरी होने की आशंका











