नवापारा में शराब कोचियों पर पुलिस की कार्रवाई: देशी शराब के साथ 2 कोचिया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई करते हुए गोबरा नवापारा पुलिस ने ग्राम पारागांव बाजार चौक में दबिश देकर दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश और मार्गदर्शन में अवैध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में 6 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पारागांव बाजार चौक के पास दो व्यक्ति सफेद प्लास्टिक बोरी में शराब रखकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही शराब खरीदने वाले लोग मौके से भाग निकले, जबकि शराब बेच रहे दो आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बसंत सिन्हा और सीताराम निषाद निवासी गांधी चौक पारागांव बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 42 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 7.560 बल्क लीटर और कीमत करीब 4,200 रुपए बताई गई है।
आरोपियों से शराब बिक्री संबंधी दस्तावेज और लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गोबरा नवापारा में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर रायपुर न्यायालय भेज दिया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रणजीत साहू, आरक्षक कमल बघेल और सैनिक भेखलाल निर्मलकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











