नवापारा में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, भीगते हुए श्रद्धालुओं ने खींचा महाप्रभु का रथ; गजामूंग प्रसाद के लिए उमड़ी भीड़

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गुरुवार को रथयात्रा महापर्व पर नवापारा नगर पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंग गया। लगातार हो रही बारिश और काले बादलों के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जरा भी कम नहीं हुई। राधाकृष्ण मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का भव्य रथ पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ नगर भ्रमण के लिए निकला तो पूरा शहर ‘‘जय जगन्नाथ’’ के जयघोष से गूंज उठा। नगर के सत्यनारायण मंदिर और छांटा रोड स्थित साईं मंदिर से भी भगवान के रथ निकाले गए, जिससे पूरा नगर धार्मिक उल्लास से सराबोर हो गया।
भीगते हुए श्रद्धालुओं ने खींचा महाप्रभु का रथ
दोपहर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद शाम करीब चार बजे जैसे ही महाप्रभु का रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ, नगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी-भरकम रस्सों से रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भीगते हुए भी पूरे श्रद्धाभाव से रथ खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया।
रथयात्रा के दौरान महाप्रभु के प्रिय गजामूंग और चने के प्रसाद के वितरण के लिए भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारकर पुष्पवर्षा की और सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक इंद्रकुमार ने की पूजा अर्चना
रथयात्रा में अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने नगर पालिका चौक के पास भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, नम्मुनारायण ध्रुव, गुलाब राव, धनमती साहू, धीरज साहू सहित अनेक पार्षद मौजूद रहे।
रथ के आगे डीजे धुमाल की भक्तिमय धुनों पर युवा झूमते-नाचते चल रहे थे, जिससे पूरा नगर उत्सवधर्मी माहौल में डूबा नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नवापारा थाना प्रभारी जेके दुबे पुलिस बल साथ तथा बिजली विभाग के कर्मचारी तैनात रहे। बस स्टैंड से गंज रोड तक रथ के दोनों ओर श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं और नगर की सड़कें आस्था के रंग में रंगी दिखाई दीं।
रथयात्रा के दौरान पंडित ब्रह्मदत्त शास्त्री एवं अन्य महाप्रभु के रथ में बैठकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते रहे। राजकुमार कंसारी और पप्पू महाराज सत्यनारायण मंदिर के रथ की व्यवस्था संभालते रहे, जबकि साईं दरबार मंदिर की ओर से महेश सोनकर, मंगराज सोनकर, भरत सोनकर और मुकुंद मेश्राम सहित समिति के पदाधिकारियों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत आवेदन आमंत्रित, इस तारीख तक करे आवेदन











