भाजपा के झंडे वाले वीडियो को एडिट कर फैलाया भ्रामक संदेश, धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं एडिटेड वीडियो वायरल करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर भाजपा के झंडे वाले मूल वीडियो को एडिट कर उसमें भ्रामक संदेश और तिरंगे के प्रतीक को जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो भाजपा कार्यालय कुरुद में 22 मार्च 2026 को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था। मूल वीडियो में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया जा रहा था। आरोपियों ने इस वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” इस तरह के भ्रामक संदेश के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया।
वीडियो को डाउनलोड कर एडिट किया
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वीडियो को डाउनलोड कर एडिट किया गया और बाद में Instagram एवं Facebook पर अपलोड किया गया था। पुलिस को वीडियो डिलीट किए जाने के बाद भी मोबाइल के Recently Deleted सेक्शन में इसके साक्ष्य मिले।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से भाजपा का झंडा फहराने की फोटो भी बरामद हुई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त दोनों मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला (25), निवासी ग्राम जिन्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा राकेश निराला (32), निवासी ग्राम जिन्दी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 336(4), 353(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो, फोटो या समाचार को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि जरूर करें। पुलिस ने कहा कि एडिटेड या भ्रामक सामग्री को वायरल करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। लोगों से अपील की गई है कि बिना सत्यापन के किसी भी संवेदनशील सामग्री को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
पूजा-पाठ के बहाने महिला से अश्लील हरकत, ताबीज पहनाने के बहाने कमरे में अकेला बुलाया, आरोपी गिरफ्तार











