सफलता की कहानी: मेहनत और हुनर से महिलाओं ने संवारा स्वरोजगार, रक्षाबंधन पर 800 हस्तनिर्मित राखियां तैयार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत रोहिणा के आश्रित ग्राम सेम्हराडीह की जय मां घटारानी स्व सहायता समूह की महिलाएं अपनी मेहनत और हुनर से स्वरोजगार की नई मिसाल पेश कर रही हैं। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर समूह की महिलाओं ने हस्तनिर्मित फैंसी राखियां तैयार कर स्थानीय स्तर पर बिक्री शुरू की है।
इससे उन्हें अतिरिक्त आय के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। लगभग 10 सदस्यीय समूह की महिलाओं ने रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए अब तक करीब 800 नग आकर्षक फैंसी राखियां तैयार की हैं। महिलाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई इन राखियों की मांग स्थानीय बाजार में बनी हुई है। समूह द्वारा अब तक राखियों की बिक्री से लगभग 7 हजार रुपये की आय अर्जित कर चुकी है और बिक्री का क्रम जारी है।
आर्थिक स्थिति मजबूत करने की प्रेरणा
समूह की महिलाओं ने बताया कि वे अपने घरेलू एवं कृषि कार्यों के साथ अतिरिक्त समय निकालकर राखियां तैयार कर रही हैं। हस्तनिर्मित राखियों के निर्माण से उन्हें अपनी कला एवं हुनर को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिला है। महिलाओं का कहना है कि स्व सहायता समूह से जुड़कर उन्हें सामूहिक रूप से आजीविका गतिविधियां संचालित करने और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की प्रेरणा मिली है।
जय मां घटारानी स्व सहायता समूह की अध्यक्ष कोयल साहू के साथ सक्रिय सदस्यों में कांति साहू, कामिनी साहू, ईश्वरी साहू, राधा बाई, हीरा बाई, सद्भावन निषाद, टुकेश्वरी साहू, कमलेश्वरी साहू एवं भारती साहू शामिल हैं। समूह की महिलाएं राखी निर्माण के साथ अन्य आजीविका गतिविधियों को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व को महिलाओं ने अपनी मेहनत, हुनर और उद्यमिता के माध्यम से आय के अवसर में बदलकर अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











