अभनपुर ब्रेकिंग: बस की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत, बस में फंसा शव

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। धमतरी से रायपुर की ओर आ रही कांकेर ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने ओवरब्रिज के पास मोटरसाइकिल सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसका शव और बाइक बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
टक्कर के बाद कई मीटर तक घसीटती रही बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही युवक और उसकी बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गए। बस उन्हें कई मीटर तक घसीटते हुए आगे ले गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
क्रेन और औजारों की मदद से निकाला गया शव
सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बस के अगले हिस्से में बुरी तरह फंसे शव और मोटरसाइकिल को बाहर निकालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद औजारों की मदद से क्षत-विक्षत शव और बाइक को बाहर निकाला गया।
दस्तावेजों से हुई मृतक की पहचान
पुलिस जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान शिवकुमार बारले निवासी ग्राम कोड़ापार, जिला धमतरी के रूप में हुई। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बस छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। अभनपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त लग्जरी बस को जब्त कर लिया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
वीडियो
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर में बैंक मित्र से लूटपाट, 4 आरोपी गिरफ्तार, सरपंच का भाई निकला मास्टरमाइंड











