नवापारा में राशन दुकान का चावल पिकअप में पकड़ने का मामला, जांच में ये बातें आई सामने

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा नगर पालिका क्षेत्र में संचालित राशन दुकान से चावल की बोरियां पिकअप वाहन में लोड किए जाने का मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इसकी जांच की। प्रारंभिक जांच के दौरान राशन दुकान के स्टॉक में भी अनियमितता सामने आने की जानकारी मिली है। फिलहाल विभाग द्वारा दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान कर आगे पूरे मामले की जांच की जा रही है।
बता दे बुधवार सुबह राशन दुकान के बाहर पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में चावल की बोरियां लोड किए जाने के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर वाहन को रुकवाया और पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी थी।
राशन दुकान के बाहर पार्षदों ने रोका वाहन

कांग्रेस पार्षदों ने इस मामले के साथ यह भी आरोप लगाया है कि कुमकुम महिला स्व-सहायता समूह को वार्ड क्रमांक 20-21 के लिए राशन दुकान आवंटित की गई है। लेकिन उक्त राशन दुकान वार्ड क्रमांक 2 में रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित किया जा रहा है।
इसी राशन दुकान में बुधवार सुबह पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 MW 3045 में चावल की बोरियां लोड की जा रही थीं। इसी दौरान कांग्रेस पार्षद अर्जुन साहू, दिपाली राजपूत, टिकेश्वर गिलहरे, रामरतन निषाद सहित अन्य पार्षद मौके पर पहुंच गए।
पार्षदों ने वाहन को रुकवाकर चावल लोड किए जाने के संबंध में जानकारी ली। बताया गया कि वाहन में उस समय तक 50 से अधिक बोरियां चावल लोड हो चुकी थीं। मौके पर बड़ी संख्या में चावल की बोरियां देखकर पार्षदों ने इसकी सूचना संबंधित उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद चावल से लदे पिकअप वाहन को गोबरा नवापारा थाने ले जाया गया, जहां मामले की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
खाद्य विभाग की टीम ने खंगाले दस्तावेज

मामले की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की जांच टीम भी मौके पर पहुंची। जांच दल में सहायक अभियोजन अधिकारी विवेक मिश्रा, खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान सहित अन्य शामिल रहे। अधिकारियों ने पिकअप वाहन में लदे चावल, संबंधित दस्तावेज और राशन दुकान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। मौके पर मौजूद संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए गए।
जांच के दौरान चावल के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और मौके पर उपलब्ध सामग्री का परीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
स्टॉक रजिस्टर के अंतर ने बढ़ाए सवाल
मामले में सबसे गंभीर बात राशन दुकान के स्टॉक के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं को बताया जा रहा है। खाद्य विभाग की टीम ने राशन दुकान पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर और मौके पर उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान किया। जांच के दौरान स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मात्रा और मौके पर उपलब्ध सामग्री में अंतर पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि वास्तविक कमी या अंतर कितना है, यह विभागीय जांच और दस्तावेजों के विस्तृत सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। यदि स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक उपलब्धता में अंतर की पुष्टि होती है तो यह राशन व्यवस्था से जुड़े नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला हो सकता है।
चावल वेयर हाउस पहुंचाया गया, वाहन छोड़ा
जांच की प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पिकअप वाहन में लदे चावल को वेयर हाउस ले जाकर खाली कराया गया। इसके बाद वाहन को छोड़ दिए जाने की जानकारी है। खाद्य विभाग द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार किया गया है। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग 3 टन चावल पिकअप से खाली कराया गया है। अब आगे की कार्रवाई विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर होगी।
मामले को बनाया संवेदनशील
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर एक और चर्चा सामने आई है। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि जिस महिला स्व-सहायता समूह को राशन दुकान आवंटित है, उसका संबंध नगर पालिका अध्यक्ष के रिश्तेदार से बताया जा रहा है। हालांकि इस संबंध की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि खाद्य विभाग इस पूरे मामले में कितनी गहराई तक जांच करता है और स्टॉक में सामने आई कथित अनियमितताओं पर क्या कार्रवाई की जाती है।
जांच पूरी होने के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल खाद्य विभाग द्वारा मामले की जांच जारी है। वाहन में लदे चावल, राशन दुकान के स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध खाद्यान्न, परिवहन से संबंधित दस्तावेज और संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











