बाड़ी में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका, पुलिस जुटी जांच में

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक का शव उसके ही घर के पीछे स्थित बाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका जताते हुए गांव की एक युवती और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रप्रकाश पटेल खेती-किसानी का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। बुधवार को परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे, जबकि चंद्रप्रकाश घर पर ही था। शाम को जब परिजन लौटे तो घर के पीछे बाड़ी में उसका शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर कोई स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं और न ही आत्महत्या के संकेत मिले हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गाँव की युवती से था प्रेम संबंध
वहीं, परिजनों का दावा है कि चंद्रप्रकाश के गले पर चोट के निशान थे। उनका आरोप है कि शादीशुदा होने के बावजूद गांव की एक युवती से मृतक ने प्रेम संबंध बना लिए थे। इसी वजह से युवती और उसके परिजनों ने मिलकर उसकी हत्या की है।
परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवती को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। देर रात तक उससे पूछताछ की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











