राहत पहुंचाने वाली डायल-112 खुद फंसी संकट में, सायरन के भीतर निकले दो जहरीले करैत सांप
बस स्टैंड छुरा में रातभर ड्यूटी के बाद सुबह वाहन के सायरन में दिखे सांप, स्टाफ की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा
छुरा। आम लोगों की आपातकालीन स्थिति में सबसे पहले मदद के लिए पहुंचने वाली डायल-112 सेवा के पुलिसकर्मी उस समय खुद मुश्किल में पड़ गए, जब उनके वाहन के सायरन के भीतर दो जहरीले करैत सांप दिखाई दिए। यह घटना छुरा बस स्टैंड की है, जहां डायल-112 का स्टाफ रातभर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।मिली जानकारी के अनुसार तड़के सुबह ड्यूटी के दौरान जब स्टाफ वाहन के पास पहुंचा, तब सायरन के अंदर दो जहरीले करैत सांप छिपे हुए नजर आए। अचानक सांपों को देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। यदि वाहन चलाने के दौरान या सायरन का उपयोग करते समय सांप बाहर निकल आते, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 स्टाफ ने आसपास मौजूद लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी सावधानी बरतते हुए डंडे की सहायता से दोनों सांपों को सायरन से बाहर निकाला गया। सांपों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ।
गौरतलब है कि डायल-112 सेवा “एक नंबर–सबकी मदद” (एक्के नंबर, सब्बो बर) की अवधारणा पर आधारित है। इस सेवा के माध्यम से नागरिक केवल 112 नंबर डायल कर पुलिस सहायता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन (1091), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), आपदा प्रबंधन तथा हाईवे इमरजेंसी जैसी विभिन्न आपातकालीन सेवाओं का लाभ एक ही नंबर पर प्राप्त कर सकते हैं। यह घटना बताती है कि दूसरों की सुरक्षा में हर समय तत्पर रहने वाले सुरक्षा कर्मियों को भी कई बार अप्रत्याशित खतरों का सामना करना पड़ता है।











