गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई: 126 क्विंटल DAP खाद और मेटाडोर जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– किसानों के हितों की सुरक्षा तथा खाद की कालाबाजारी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 126 क्विंटल DAP खाद और एक मेंटाडोर वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 8 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना देवभोग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम तेतलखुटी क्षेत्र में एक मेंटाडोर आईसर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 के माध्यम से बड़ी मात्रा में DAP खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में DAP खाद की 280 बोरियां मिलीं। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलोग्राम खाद भरी हुई थी। इस प्रकार कुल 12,600 किलोग्राम (126 क्विंटल) DAP खाद बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 78 हजार रुपये आंकी गई है।
वाहन चालक युधिष्ठिर दनता (42 वर्ष) निवासी ग्राम इंदागांव, थाना इंदागांव, जिला गरियाबंद से खाद परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर पुलिस ने खाद और वाहन दोनों को जब्त कर लिया।
8 लाख 78 हजार का सामान जप्त
पुलिस के अनुसार जब्त मेंटाडोर वाहन की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये है। इस तरह प्रकरण में कुल 8 लाख 78 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है। मामले की सूचना कृषि विभाग को भेज दी गई है तथा खाद के स्रोत, पहुंचने की जगह और इस अवैध परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
गरियाबंद पुलिस ने कहा है कि किसानों के हितों के संरक्षण तथा खाद, बीज एवं अन्य कृषि सामग्री की कालाबाजारी रोकने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











