ब्रेकिंग: मेले में बड़ा हादसा; आकाश झूला टूटकर गिरा, दो युवतियां गंभीर रूप से घायल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रसिद्ध मेले में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आकाश झूला अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में घायल युवतियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।
झूला के नीचे दबी दोनों युवतियां
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा निवासी दो युवतियां मेला देखने पहुंची थीं। दोनों युवतियां मेला ग्राउंड में झूले के नीचे खड़ी थीं, तभी अचानक आकाश झूले का एक हिस्सा टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही दोनों युवतियां झूले के नीचे दब गईं।
घटना के बाद मेले में भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह घायल युवतियों को झूले के नीचे से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल युवतियों की पहचान चंद्रकांत कश्यप (उम्र 15 वर्ष) और भूमिका कश्यप (उम्र 21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मल्दा के रूप में हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि चंद्रकांत कश्यप को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि भूमिका कश्यप की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने भूमिका कश्यप को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेले में लगाए गए झूले और ‘मौत का कुआं’ जैसे खतरनाक मनोरंजन साधनों की जांच केवल कागजों तक ही सीमित रह जाती है। जांच के नाम पर जिम्मेदार अधिकारी औपचारिक निरीक्षण कर खानापूर्ति कर लेते हैं, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम कुंभ में मीना बाजार की धूम, 10 एकड़ में फैला सबसे बड़ा मनोरंजन केंद्र











