जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने दुतकैया विवाद पर ली शांति समिति की बैठक, सामुदायिक एकता पर दिया जोर

दोनों पक्षों ने रखे अपने-अपने विचार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम क्षेत्र के ग्राम दुतकैया (खपरी) में हाल ही में दो समुदायों के बीच हुए तनावपूर्ण विवाद तथा कुछ घरों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटना के बाद स्थिति को सामान्य बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की उपस्थिति में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में दोनों समुदायों के निवासी, पंचायत प्रतिनिधि तथा जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान ग्रामवासियों ने घटना से उत्पन्न तनाव, नुकसान और वर्तमान परिस्थितियों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा कि दुतकैया में वर्षों से हिंदू-मुस्लिम सभी समुदाय आपसी सद्भाव, भाईचारा और सहयोग के साथ रहते आए हैं। उन्होंने कहा कि वे गांव में शांति की पुनर्स्थापना चाहते हैं तथा ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों इसके लिए वे प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेंगे।

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, नियमित पेट्रोलिंग की गई और उपद्रवियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। साथ ही कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुलिस प्रशासन गाँव में मुस्तैद है। ग्रामीणों ने बताया कि उपद्रवियों को सामाजिक रूप से बहिष्कृत कर दिया गया है, जिसकी जानकारी बैठक में दी गई।

स्थायी शांति वातावरण सुनिश्चित किया जाए

समिति ने इस बात की भी सामूहिक निंदा की कि कुछ लोगों ने शांति भंग कर गांव के सौहार्द को ठेस पहुंचाई। ग्रामीणों ने अनुरोध किया कि प्रशासन ऐसे पीड़ित परिवारों को अस्थायी आवास प्रदान करे और नुकसान का आकलन कर उचित सहायता उपलब्ध कराए। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों के कारण जो गाँव छोड़कर चले गए थे वे आना चाहते हैं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को कहा कि गांव में स्थायी शांति वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, करण उइके, एसडीएम राजिम विशाल महाराणा, एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा, राजिम थाना प्रभारी अमृत लाल साहू  सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8

यह खबर भी जरुर पढ़े

दुतकैया गांव में तनाव के बाद शांति बहाल, पुलिस ने संभाला मोर्चा; अफवाह न फैलाने की अपील, तीन आरोपी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button