अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, युवक गंभीर, गुस्साए लोगों ने किया चक्का जाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक और महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 2.30 बजे बनाहिल चौक के पास नरियरा वार्ड नंबर 14 निवासी सलमा लहरे (40 वर्ष) युवक गोलू टंडन के साथ किसी काम से जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। महिला सलमा लहरे के सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चक्का जाम कर जताया आक्रोश
घायल युवक को तत्काल अकलतरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मुलमुला पुलिस टीम पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास करती रही।
मुआवजा और कार्रवाई की मांग
परिजनों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और अज्ञात वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, युवक की दर्दनाक मौत











