छोटे भाई ने बड़े भाई के सीने में घोंपा चाकू, मौत; आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। घटना बेमेतरा जिले के बेरला थाना अंतर्गत बोरिया गांव की है।
गाली-गलौज के बाद सड़क पर पहुंचा विवाद
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी मालती कुर्रे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर की रात करीब 8.30 बजे वह घर की छत पर अपनी बड़ी बहन, उसके बेटे और छोटे बच्चों के साथ बैठी थीं। इसी दौरान उनके पति अभिषेक कुर्रे अपने छोटे भाई अजीत के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद कर रहे थे। इसके बाद दोनों भाई घर से बाहर सड़क पर चले गए, जहां भी उनके बीच झगड़ा जारी रहा।
बड़े भाई के सीने में चाकू से किया वार
सड़क पर विवाद के दौरान अजीत ने अपने बड़े भाई अभिषेक के साथ मारपीट की। इसके बाद पास रखे चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अभिषेक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम यूनिट (FSL) की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
आरोपी की निशानदेही पर चाकू बरामद
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी अजीत कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने झगड़े के दौरान चाकू से वार करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू और अन्य जरूरी साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











