राजिम को मिली बड़ी सौगात: लोक निर्माण विभाग कार्यालय भवन के लिए 61.79 लाख रुपए का बजट स्वीकृत
प्रशासनिक ढांचा होगा मजबूत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के विशेष प्रयासों से राजिम में लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय के नवीन भवन निर्माण हेतु 61 लाख 79 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। उल्लेखनीय है कि राजिम में विभागीय कामकाज के लिए एक सर्वसुविधायुक्त कार्यालय की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
विधायक रोहित साहू ने जनहित और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव को वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में शामिल कराया था। शासन स्तर पर निरंतर पहल के बाद अब इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए बजट आबंटित कर दिया गया है। वर्तमान में उपयुक्त भवन के अभाव में विभागीय कार्यों के संचालन में कई तकनीकी और व्यवहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था।
नया भवन बनने से लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य करने के लिए व्यवस्थित जगह मिलेगी तथा कार्यालय के व्यवस्थित होने से क्षेत्र के निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और फाइलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा। इसके अलावा स्थानीय ठेकेदारों और आम नागरिकों को विभागीय कार्यों के सिलसिले में अब बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
प्रशासनिक ढांचे का मजबूत होना आवश्यक
इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा के लिए प्रशासनिक ढांचे का मजबूत होना आवश्यक है। लोक निर्माण विभाग कार्यालय के इस नए भवन से अधिकारी कर्मचारियों को कार्य करने की सुविधा होगी तथा उचित मॉनिटरिंग से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गति भी बढ़ेगी।
निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है। लोगों का मानना है कि इस नवीन भवन के निर्माण से राजिम शहर की अधोसंरचना में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ जाएगी। विभाग द्वारा जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











