ब्रेकिंग: राजिम बस स्टैंड में मिला 10-11 माह का मासूम, बाल कल्याण समिति ने लिया संरक्षण में, परिजनों की तलाश जारी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम बस स्टैंड में शुक्रवार को एक 10 से 11 माह का मासूम बच्चा लावारिस अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राजिम पुलिस और गरियाबंद बाल कल्याण समिति (CWC) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, एक मासूम बच्चे को उसके परिजन बस स्टैंड परिसर में छोड़कर कहीं चले गए। कुछ समय बाद वहां मौजूद अन्य बस में सफर कर रहे यात्रियों की नजर रोते हुए बच्चे पर पड़ी। यात्रियों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल इसकी सूचना राजिम पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद मामले की जानकारी गरियाबंद बाल कल्याण समिति (CWC) को दी गई। सूचना मिलते ही समिति की टीम राजिम पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की।
परिजनों की तलाश जारी
बाल कल्याण समिति के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मासूम को सुरक्षित देखरेख के लिए दत्तक ग्रहण केंद्र में रखा गया है। बच्चे के माता-पिता और परिजनों की तलाश की जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ अन्य आवश्यक जांच कर रहे हैं।
बाल कल्याण समिति ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्चे या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल बाल कल्याण समिति, नजदीकी पुलिस थाना अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर संपर्क करें, ताकि मासूम को उसके परिवार से मिलाया जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर मासूम बच्चों की सुरक्षा और अभिभावकीय जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन बच्चे की सुरक्षा और उसके परिजनों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
मुख्यमंत्री ने दी 7 करोड़ की एनीकट परियोजना को स्वीकृति, क्षेत्र में खुशी की लहर











