सशिम और हरिहर के पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन: 24 वर्षों बाद फिर गूंज उठीं बचपन की यादें

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– समय की तेज रफ्तार और जिम्मेदारियों के बोझ के बीच भी दोस्ती का रिश्ता कभी पुराना नहीं होता—इस बात को सच साबित किया नवापारा के उन साथियों ने, जिन्होंने करीब 24 वर्षों बाद एक भव्य पुनर्मिलन (रीयूनियन) आयोजित कर अपनी यादों को फिर से ताजा किया।
बता दे ये सभी मित्र सन 2000 में सरस्वती शिशु मंदिर, नवापारा से 10वीं कक्षा उत्तीर्ण हुए थे तथा वर्ष 2002 में हरिहर हाई स्कूल, नवापारा से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद जीवन की नई राहों पर चलते हुए कोई उच्च शिक्षा के लिए बाहर चला गया, तो कोई नौकरी और व्यवसाय में व्यस्त हो गया। कुछ 12 वीं से पहले ही बीच में ही स्कूल छोड़ बाहर निकल गए थे। धीरे-धीरे समय बीतता गया और सभी अपने-अपने जीवन में व्यस्त हो गए।
लेकिन 5 अप्रैल 2026 का दिन इन सभी दोस्तों के लिए बेहद खास बन गया, जब वर्षों बाद सभी ने एक साथ मिलने का निर्णय लिया। दूर-दराज़ से समय निकालकर हर मित्र इस खास अवसर पर पहुंचा। जैसे ही सभी एक-दूसरे से मिले, मानो समय थम सा गया और बचपन की यादें फिर से ताज़ा हो उठीं। सभी एक दूसरे से गले मिलकर भावुक हो उठे।
इस मौके पर कुमार वर्मा, आकाश जैन, आकाश त्रिपाठी, अमित दुबे, जितेंद्र सोनकर, राहुल टाटिया, विवेक सचदेव, आकाश मखीजा, नरेंद्र सिन्हा, शंकर राजपाल, भरत नागवानी, प्रणव शर्मा, समीर जैन, अविनाश शर्मा, राजेश जीवनानी, श्रीकांत साहू, निलेश मतस्यपाल, पुरुषोतम लालवानी सहित कई साथी पहुंचे थे।
पुराने दिनों की बातें की साझा

कार्यक्रम के दौरान सभी ने अपने पुराने दिनों की बातें साझा कीं- स्कूल के शरारती किस्से, पढ़ाई के पल, और साथ बिताए अनमोल क्षणों को याद करते हुए माहौल भावुक भी हुआ और खुशनुमा भी रहा। सभी दोस्तों ने मिलकर भोजन की व्यवस्था की और साथ में मिलकर स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। देर रात तक जमकर मस्ती, हंसी-ठिठोली तथा मनोरंजन का दौर चलता रहा।
इस मौके पर कुमार वर्मा ने कहा, “इतने सालों बाद सबको एक साथ देखकर दिल भर आया। ऐसा लगा जैसे हम फिर से स्कूल के दिनों में लौट गए हों।” दूसरे साथी नरेंद्र सिन्हा ने भावुक होते हुए कहा, “ज़िंदगी की भागदौड़ में हम बहुत कुछ खो देते हैं, लेकिन आज समझ आया कि असली खुशी पुराने दोस्तों के साथ ही है।”
जिंदगी भर याद रहेगा

आकाश त्रिपाठी ने बताया कि,“हमने तय किया है कि अब हर साल इस तरह का मिलन जरूर करेंगे, ताकि ये रिश्ता हमेशा बना रहे।” एक साथी ने मुस्कुराते हुए कहा, “आज की मस्ती ने सारे तनाव दूर कर दिए। ये दिन जिंदगी भर याद रहेगा।”
इस अवसर पर सभी ने भविष्य में भी नियमित रूप से मिलने का संकल्प लिया और अपनी मित्रता को और मजबूत बनाने का निर्णय लिया। यह पुनर्मिलन न केवल पुरानी यादों को ताज़ा करने का माध्यम बना, बल्कि यह भी साबित कर गया कि सच्ची दोस्ती समय और दूरी की सीमाओं से परे होती है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











