राजिम क्षेत्र में रेत के अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, 3 चैन माउंटेन और हाईवा जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर भगवान दास उइके के सख्त निर्देश एवं मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध गतिविधियों में लिप्त वाहनों को जब्त किया है।
गरियाबंद जिले की सहायक खनिज अधिकारी अर्चना ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 3 चैन माउंटेन और 1 रेत से भरी हाईवा को पकड़ा गया। टीम ने बरौंडा क्षेत्र से 2 चैन माउंटेन जब्त किए है साथ ही चौबेबांधा से भी 1 चैन माउंटेन को पकड़ा गया है। जब्त किए गए तीनों चैन माउंटेन को पांडुका थाने में खड़ा कराया गया है। वहीं रेत से भरी हाईवा को राजिम थाने में जब्त कर रखा गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले से रेत का अवैध उत्खनन कर रायपुर, धमतरी और आसपास के इलाकों में खपाया जा रहा था। जिसकी सूचना पर माइनिंग विभाग ने यह कार्रवाई की है।
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CssJEbwZ7dcDtsBkoxI04r











