जमीन के टुकड़े के लिए बड़ी मां की हत्या: बाइक पर शव लादकर जंगल में फेंका, आरोपी भतीजा गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक ने अपनी बड़ी मां की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारतदा के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को मोटरसाइकिल से जंगल में ले जाकर फेंक दिया। चार दिन बाद सड़ी-गली लाश मिलने पर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र का है।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब 22 अप्रैल को मृतका के पुत्र लोकनाथ राठिया निवासी ग्राम बेहरामार ने थाने में अपनी मां केवला बाई राठिया (70) के 4-5 दिनों से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने अपने चचेरे भाई आशन राठिया (36) पर जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका जताई। इसी दौरान पुलिस को बेहरामार-जामपाली मार्ग के जंगल में झाड़ियों के बीच गड्ढे में सड़ा-गला शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया, जिसकी पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई।
महुआ बीनने गई थी, वहीं हुआ हमला
जांच में सामने आया कि 18 अप्रैल को केवला बाई महुआ बीनने जंगल गई थी। इसी दौरान आरोपी आशन राठिया ने जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर उनसे विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने गुस्से में आकर वृद्धा पर लात-घूसों और मुक्कों से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव बाइक से ले जाकर झाड़ियों में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने किसी को भनक न लगे, इसके लिए शव को अपनी मोटरसाइकिल में लादकर जंगल के झुरमुट में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें वह अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक और जमीन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HqB01UmKLQKLHvftVnzBd1











