नवविवाहिता की हत्या कर ‘करंट’ का ड्रामा, आरोपी पति गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का पुलिस ने चंद घंटों में सनसनीखेज खुलासा किया है। दरअसल, आरोपी पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और इसे हादसा दिखाने की साजिश रची थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 09 बलौदा निवासी महेंद्र कुमार मिरी ने थाना में सूचना दी थी कि उसकी पत्नी ललिता मिरी की बाथरूम में करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका नवविवाहिता होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के निर्देश और मार्गदर्शन में मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतका के परिजनों और आरोपी पति के बयानों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस का संदेह गहराया।
पति का दूसरी महिला से था अवैध संबंध
पुलिस ने पति से कड़ाई से पूछताछ की, जिस पर आरोपी महेंद्र कुमार मिरी ने हत्या की बात कबूल कर ली। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 28-29 अप्रैल की मध्यरात्रि पति-पत्नी के बीच विवाद के दौरान आरोपी महेंद्र ने ललिता मिरी का गला दबाकर हत्या कर दी।
करंट से मौत का नाटक
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने और घटना को हादसा दिखाने के लिए शव को बाथरूम में ले जाकर पानी से भरी बाल्टी में इमर्शन रॉड चालू कर रखा और सिर व हाथ पास में रख दिए, ताकि करंट लगने से मौत प्रतीत हो। बहरहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238 बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











