खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: हॉस्पिटल कैंटीनों में मिली एक्सपायर्ड ब्रेड, 15 दिन के अभियान में खुलीं कई खामियां
‘सही दवा-शुद्ध आहार’ अभियान: हॉस्पिटल कैंटीन व आइसक्रीम दुकानों की जांच

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रदेशभर में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा “सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान रायपुर जिले में हॉस्पिटल कैंटीन, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और आईसक्रीम-कुल्फी विक्रेता फर्मों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आई हैं।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने 3 हॉस्पिटल कैंटीन, 5 पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर निर्माता एवं विक्रेता फर्मों तथा 6 आईसक्रीम एवं कुल्फी विक्रेता प्रतिष्ठानों की जांच की।
जांच के दौरान हॉस्पिटल कैंटीनों से लगभग 5 किलो कालातीत (एक्सपायर्ड) ब्रेड बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के लीगल नमूने लेकर परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर दो फर्मों को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। विभागीय अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय करने के निर्देश दिए हैं।
यह कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल एवं रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की जा रही है। विभाग ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











