ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, ट्रक छोड़कर भागा चालक

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर निवासी शिवम मिश्रा सूरजपुर से विश्रामपुर की ओर जा रहा था। उसी दौरान तिलसिवा पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कुछ ही मिनटों में शिवम की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











