दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पति-पत्नी की मौत, 4 साल का मासूम घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनका 4 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। घटना कवर्धा जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र का है।

ससुराल से घर लौट रहे थे दंपति

जानकारी के अनुसार सारंगढ़ निवासी कृष्णा आढिले (34) और उनकी पत्नी कीर्ति उर्फ कृतिका आढिले (30) किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद घोरपेन्द्री स्थित ससुराल से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ उनका 4 साल का बेटा जगदीश भी बाइक पर सवार था। बताया जा रहा है कि कोलेगांव-घोरपेन्द्री-बासनी मार्ग पर बासनी स्कूल के पास सामने से आ रहे ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई।

पति-पत्नी की मौत, बच्चा घायल

तभी पति-पत्नी ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चा दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुण्डा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं दंपती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम

घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क के साइड शोल्डर में मुरुम की जगह घटिया पीली मिट्टी डाली गई थी, जो बारिश के बाद कीचड़ में बदल गई। इसी वजह से बाइक फिसली और इतना बड़ा हादसा हो गया।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को मौके पर बुलाने, मुआवजा देने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम ब्रेकिंग: अज्ञात वाहन की बाइक को मारी टक्कर, नवापारा के डीजे ऑपरेटर की मौत, शव हुआ क्षत-विक्षत-VIDEO

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button