हार्वेस्टर ने बाइक सवार युवकों को कुचला, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर, भाग रहा चालक ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सोनसरी निवासी शोभित साहू और शंकर यादव किसी काम से जोंधरा गए हुए थे। दोपहर करीब 2.30 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोनसरी पेट्रोल पंप के आगे मोड़ पर सामने से आ रहे एक हार्वेस्टर ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में शंकर यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शोभित साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हार्वेस्टर को लोहर्सी निवासी श्यामू साहू का बेटा विकास साहू चला रहा था, जो कथित तौर पर भारी वाहन चलाना सीख रहा था। लोगों का आरोप है कि अनुभवहीन युवक को सड़क पर हार्वेस्टर चलाने दिया गया, जिसकी वजह से एक युवक की जान चली गई।

हादसे के बाद भागने लगा चालक

ग्रामीणों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद चालक हार्वेस्टर लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गांव के एक युवक ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि हार्वेस्टर पर कहीं भी वाहन नंबर अंकित नहीं था। ऐसे में वाहन की वैधता और संचालन को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

थाने में जुटी ग्रामीणों की भीड़

हादसे से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में पचपेड़ी थाना पहुंचे और आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक शंकर यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पति-पत्नी की मौत, 4 साल का मासूम घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button