आकाशवाणी के 90 वर्षों की गौरवगाथा पर सजा “स्वरोत्सव”, सुरों की महफिल में झूमे संगीत प्रेमी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आकाशवाणी के 90 वर्षों की शिक्षा, सूचना और मनोरंजन से जुड़ी गौरवमयी यात्रा के उपलक्ष्य में आकाशवाणी रायपुर द्वारा “स्वरोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। विमतारा ऑडिटोरियम में आयोजित इस संगीतमय कार्यक्रम में उपशास्त्रीय और सुगम संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ख्यातिप्राप्त कलाकार श्वेता शिवाले की प्रस्तुति से हुई। उन्होंने ठुमरी, दादरा, मिर्जापुरी कजरी, सावनी नग्मा और गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। “आन मिलो सजना” ठुमरी और “सेजिया पर लोटे काला नाग” मिर्जापुरी कजरी की प्रस्तुति पर संगीत रसिक झूम उठे और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।

इसके बाद पद्मश्री मदन चौहान ने सुगम संगीत, कबीर भजन, गजल और सूफियाना कलाम प्रस्तुत कर ऐसा समां बांधा कि दर्शक आत्मविभोर हो गए। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर आकाशवाणी रायपुर के उप महानिदेशक एवं क्लस्टर प्रमुख वी. राजेश्वर ने उपस्थित दर्शकों का स्वागत करते हुए कहा कि आकाशवाणी ने स्वतंत्रता पूर्व से लेकर आज तक समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में भी आकाशवाणी “बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय” के सिद्धांत पर अपने प्रसारण को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।

वहीं आकाशवाणी रायपुर के कार्यक्रम प्रमुख एवं सहायक निदेशक (कार्यक्रम) पंकज मेश्राम ने श्रोताओं और कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रोता और कलाकार ही आकाशवाणी की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि “स्वरोत्सव” जैसे आयोजनों का उद्देश्य श्रोताओं को उनकी पसंद के संगीत से सीधे जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान संगीत प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना रहा और “स्वरोत्सव” की यह संगीतमयी शाम लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सशिम और हरिहर के पूर्व छात्रों का पुनर्मिलन: 24 वर्षों बाद फिर गूंज उठीं बचपन की यादें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button