सुशासन तिहार में कांग्रेस का प्रदर्शनः मटकी फोड़कर जताया विरोध, भाजपा सरकार के खिलाफ लगे नारे

पानी, पेंशन, खाद, बिजली कटौती और अवैध कारोबार के मुद्दे पर गरमाया माहौल, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा में सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेसियों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और खाली मटकियां लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसियों और कुछ महिलाओं ने विरोध में शिविर पर खाली मटकी फोड़कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

मूलभूत सुविधाओं को लेकर फूटा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर में पेयजल संकट, वृद्धावस्था पेंशन वितरण में देरी, किसानों को खाद की समस्या, लगातार बिजली कटौती और अवैध कारोबार जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन और सरकार ध्यान नहीं दे रही है। प्रदर्शन के दौरान ‘‘जनता को मूलभूत सुविधाएं दो’’, ‘‘पानी दो, जवाब दो’’ और ’’बिजली-पानी-खाद की समस्या दूर करो’’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिविर स्थल तक पहुंच गए। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन से कार्यक्रम में कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

खाली मटकी फोड़कर जताया आक्रोश

पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने खाली मटकियां लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कई महिलाओं ने आयोजन स्थल पर ही मटकी फोड़कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। प्रदर्शनकारियों को शिविर स्थल से हटाने का प्रयास किया गया, जिसके चलते कुछ देर तक बहस और नारेबाजी का दौर चलता रहा। हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

एसडीएम के आश्वासन के बाद खत्म हुआ विरोध

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं पर ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक विरोध जारी रहेगा। बाद में अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा कर उनकी मांगों और शिकायतों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

इस दौरान कांग्रेस नेता प्रवीण साहू, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष धनराज मध्यानी, पूर्व उपाध्यक्ष जीत सिंग, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष संध्या राव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामा यादव, पूर्व अध्यक्ष सौरभ शर्मा, पार्षद रामरतन निषाद, अर्जुन साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और महिलाएं मौजूद थी।

ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें

  • नगर के सभी वार्डों में पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
  • किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए।
  • पिछले 6 माह से लंबित निराश्रित पेंशन एवं अन्य सामाजिक पेंशन प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए।
  • नगर में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
  • आबादी भूमि पट्टा धारकों को प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाए।
  • नगर में मुर्गा-मटन मार्केट के लिए निर्धारित स्थान चिन्हांकित कर व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जाए।
  • नगर क्षेत्र में भारी रेत हाइवा वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित समय तय किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

जनता की सरकार, जनता के द्वार: सुशासन तिहार में बना राशन कार्ड, दामिनी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दिया धन्यवाद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button