अवैध संबंध के शक में बाउंसर की हत्या, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका फिर पत्थर से कुचला सिर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– पथर्रा में एक युवक की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। मामला बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार कोनी निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के अमिगोस बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था तथा जिम संचालन से भी जुड़ा हुआ था। गुरुवार रात वह कोटा क्षेत्र में अपने परिचितों के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसका सामना पथर्रा निवासी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था।

आंखों में मिर्च पाउडर झोंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से हमला कर दिया। पहले निखिल की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका गया, जिससे वह कुछ समझ पाता उससे पहले आरोपियों ने उस पर धावा बोल दिया। इसके बाद भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद घायल निखिल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय और कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का एंगल मिला है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल गोस्वामी के बीच कथित संबंधों का शक था। इसी संदेह को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव और विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया।

हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मामले में मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी समेत अन्य संदिग्ध फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

प्रधानपाठक ने की युवक की हत्या, पत्नी से अवैध संबंध के शक में बेटे के साथ मिलकर गला घोंटा, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button