गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का विस्फोटक डंप बरामद, संयुक्त सर्चिंग के दौरान मिला आईईडी और विस्फोटक सामग्री, बीडीएस टीम ने किया नष्ट

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर क्षेत्र के कुल्हाडीघाट कैंप से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम दड़ईपानी के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद आईईडी और विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल एवं बीडीएस टीम की संयुक्त पार्टी क्षेत्र में सर्च अभियान पर निकली हुई थी। अभियान के दौरान जवानों को जंगल में एक संदिग्ध डंप होने की सूचना मिली। तलाशी लेने पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य उपयोगी सामान बरामद किया गया।

आईईडी, बीजीएल राउंड और विस्फोटक सामग्री बरामद

संयुक्त टीम ने मौके से लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, करीब 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (लगभग 5 किलोग्राम), 6 बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को भविष्य में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में डंप कर रखा था।

बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय

बरामद आईईडी बम और अन्य विस्फोटक सामग्री को गंभीर खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) द्वारा मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। इससे क्षेत्र में संभावित बड़े खतरे को टाल दिया गया।

लगातार जारी है नक्सल विरोधी अभियान

गरियाबंद जिले के संवेदनशील वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग और नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में सुरक्षाबलों की सक्रियता बढ़ने से नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार अंकुश लग रहा है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑटोमैटिक हथियारों सहित भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button